चाँद की उड़ान पर ब्रेक! ईंधन रिसाव के कारण NASA ने टाली ‘Artemis II’ मिशन की लॉन्चिंग
नई दिल्ली| अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA को अपने बहुत समय से इंतज़ार कर रहे चंद्र मिशन Artemis II की लॉन्चिंग टालनी पड़ी है। यह मिशन इंसानों को चाँद के पास दोबारा ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। लेकिन लॉन्च से पहले किए गए एक अहम परीक्षण के दौरान रॉकेट में ईंधन रिसाव यानि फ्यूल लीक पाए जाने के कारण इसे कम से कम एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
दरअसल, NASA ने अपने शक्तिशाली स्पेसलॉन्च सिस्टम रॉकेट की “ड्रेस रिहर्सल” यानी अंतिम तैयारी परीक्षण किया था। इस परीक्षण में रॉकेट में तरल हाइड्रोजन और ऑक्सीजन भरी गई, ठीक वैसे ही जैसे असली लॉन्च के समय किया जाता है। लेकिन जांच के दौरान इंजीनियरों ने हाइड्रोजन के रिसाव का पता लगाया और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए NASA ने तुरंत लॉन्च की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया और इसे एक महीने के लिए टाल दिया गया है।
अब इस मिशन की नई संभावित तारीख मार्च 2026 बताई जा रही है। NASA का कहना है कि पहले तकनीकी खामियों को पूरी तरह ठीक किया जाएगा, फिर दोबारा परीक्षण होगा और उसके बाद ही अंतिम लॉन्च की तैयारी की जाएगी।
Artemis II मिशन इसलिए खास है क्योंकि इसमें चार अंतरिक्ष यात्री चाँद के चारों ओर लगभग 10 दिन की यात्रा करेंगे। यह 1972 के बाद पहला मौका होगा जब इंसान चाँद के इतने करीब जाएंगे। यह मिशन आगे आने वाले Artemis III मिशन की तैयारी भी है, जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों को चाँद की सतह पर उतारने की योजना है।
हालांकि देरी से अंतरिक्ष प्रेमियों को थोड़ा इंतजार जरूर करना पड़ेगा, लेकिन NASA ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चाँद तक की यह यात्रा भले कुछ समय के लिए रुकी हो, लेकिन मानव अंतरिक्ष अभियान की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण बना हुआ है। जैसे ही सभी सुरक्षा जाँच पूर्ण हो जाएगी तो पुनः एक बार परीक्षण होगा और अंतिम उड़ान भरी जाएगी।